जमशेदपुर के कदमा में भगवान परशुराम जयंती पर भव्य आयोजन, समाज सेवा और एकता का दिया संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के कदमा स्थित ब्रह्मर्षि भवन में रविवार को भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन ब्रह्मर्षि विकास मंच द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धा-सुमन अर्पित कर की गई। इस दौरान मंच की विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धा के साथ पुष्प अर्पित किए।
समारोह को संबोधित करते हुए परशुराम सेना के अध्यक्ष कमल किशोर ने भगवान परशुराम को न्याय, सत्य और धर्म का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। वहीं, ब्रह्मर्षि विकास मंच कदमा इकाई के अध्यक्ष दीपू सिंह ने युवाओं से उनके त्याग, साहस और धर्म के प्रति समर्पण को अपनाने की अपील की।
संस्थापक महासचिव राज किशोर सिंह ने भगवान परशुराम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन अनुशासन और धर्म रक्षा का प्रतीक है। अखिल भारतीय ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष कर्नल आर.पी. सिंह ने भी युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंच के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने समाज में एकता और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव जय कुमार और कोषाध्यक्ष श्रीनिवास द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने और समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह का माहौल श्रद्धा, उत्साह और सौहार्द से भरा रहा।

