टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए हायर पेंशन पोर्टल फिर खोलने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : बिद्युत बरण महतो ने केंद्रीय श्रम एवं नियोजन मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को हायर पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने हेतु संबंधित पोर्टल को पुनः खोलने का आग्रह किया है।
सांसद महतो ने पत्र सौंपते हुए बताया कि टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारियों के एक समूह ने उन्हें ज्ञापन देकर अनुरोध किया है कि जो कर्मचारी तकनीकी या निजी कारणों से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ईपीएस-95 योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें एक और अवसर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर कर्मचारी के कल्याण को सुनिश्चित करना है, ऐसे में एक बार पोर्टल की विंडो खोली जाती है तो सभी योग्य पूर्व कर्मचारी इसका लाभ उठा सकेंगे। इससे जमशेदपुर के लगभग 1200 पूर्व कर्मचारी लाभान्वित हो सकते हैं।
इस पर मंत्री मांडविया ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संभावनाओं की समीक्षा कर यह प्रयास किया जाएगा कि वंचित कर्मचारियों को कैसे जोड़ा जा सके। यदि संभव हुआ तो इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे।

