महिला आरक्षण बिल पर भाजपा का राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन ऐलान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली/जमशेदपुर। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं हो पाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने इस मुद्दे को महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा बताते हुए व्यापक जनआंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह विधेयक महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए अहम था, लेकिन विपक्षी दलों के रवैये के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका। पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से महिलाओं के हितों की अनदेखी की है।
पार्टी के अनुसार, विभिन्न राज्यों और जिलों में धरना-प्रदर्शन, रैलियां और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से जनता को विपक्ष की “महिला विरोधी सोच” से अवगत कराया जाएगा। भाजपा ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और महिलाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करें।
