बहरागोड़ा प्रखंड के जयपुरा मार्ग की बदहाल स्थिति से हजारों छात्र-छात्राएं प्रभावित, शीघ्र मरम्मत की मांग तेज।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत जयपुरा क्षेत्र में स्थित प्लस 2 विद्यालय जयपुरा, मध्य विद्यालय जयपुरा एवं ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर एवं चिंताजनक हो गई है। हल्की बारिश होते ही यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव से भर जाता है, जिससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सड़क पर अनेक स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें वर्षा का पानी जमा होकर दलदली स्थिति उत्पन्न कर देता है। इससे न केवल पैदल चलना कठिन हो जाता है, बल्कि साइकिल एवं अन्य छोटे वाहनों का संचालन भी बाधित हो जाता है। विद्यालय आने-जाने के दौरान कई छात्र-छात्राएं फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में भय एवं असंतोष का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग एवं प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। परिणामस्वरूप, यह मार्ग छात्रों की शिक्षा एवं सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर संकट का कारण बन गया है।
इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण संजय पाल, पियूष प्रधान, समीर राणा, शंकर बेरा, हाड़ीराम साव, डाकू सेनापति, सुनील सिंह, विजय राणा, ततन पाल आदि ने संयुक्त रूप से कहा कि जयपुरा मार्ग की स्थिति दिनों-दिन बदतर होती जा रही है। हल्की वर्षा में ही सड़क दलदल में परिवर्तित हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों एवं आम ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, इसके बावजूद प्रशासन की उदासीनता समझ से परे है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब इस सड़क की मरम्मत एवं स्थायी पक्कीकरण कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी बाध्य होकर चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

