जमशेदपुर में घरेलू हिंसा का सनसनीखेज मामला, महिला को जलाकर मारने की कोशिश का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सीतारामडेरा क्षेत्र से घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उसके ससुर द्वारा लगातार उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। जब उसने इस बात की शिकायत परिवार के अन्य सदस्यों से की, तो स्थिति सुधरने के बजाय और बिगड़ गई और पूरे परिवार द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले महिला ने इस संबंध में साकची महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। हालांकि, महिला का आरोप है कि इसके बावजूद उत्पीड़न नहीं रुका।
ताजा शिकायत में पीड़िता ने बताया कि बीती रात ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और सुबह उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर जलाने की कोशिश की गई। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकली और साकची थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इधर, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

