कल्याण व आईटीडीए योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कल्याण विभाग और आईटीडीए की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, बहुद्देशीय भवन, सड़क संपर्क, छात्रावास, ग्रामीण आवास, नल-जल, विद्युतीकरण, मत्स्य योजना तथा पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों को लक्षित योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप क्षेत्रीय पदाधिकारी कार्यों में तेजी लाएं।
बैठक में छात्रवृत्ति (प्री व पोस्ट मैट्रिक), साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन, चिकित्सा सहायता, बिरसा आवास, कब्रिस्तान घेराबंदी, सरना-मसना स्थलों के संरक्षण तथा वनाधिकार पट्टा से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

