रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा पासेया गांव में बाहा पर्व के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 50 वर्षीय तुरी गागराई की अज्ञात हमलावरों ने निर्मम तरीके से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, हमलावर ने पहले महिला के सिर और पेट पर डंडे से कई वार किए, फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब गांव में पर्व का माहौल था और अधिकांश लोग अपने घरों में थे। महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए, हालांकि घटनास्थल से उनका शर्ट, पैंट और चप्पल बरामद हुआ है, जो पुलिस के लिए अहम सुराग बन सकता है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मृतका के साथ उसके छोटे भाई की 7 वर्षीय पुत्री मौजूद थी, जिसने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है, लेकिन हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

