झारखंड विधानसभा की समितियों की कार्यप्रणाली सुधार पर चर्चा
राष्ट्र संवाद सं
रांची: विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में झारखंड विधानसभा स्थित समिति कक्ष में नवगठित सभी विधानसभा समितियों के सभापतियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य समिति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने पर विचार करना था।
अध्यक्ष ने सभी सभापतियों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, क्योंकि इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्य शामिल होते हैं। उन्होंने जोर दिया कि दोनों पक्ष राज्य के विकास को ध्यान में रखते हुए मिलकर काम करें। समिति की रिपोर्टें सामान्यतः स्वीकार की जाती हैं और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर दी गई अनुशंसाओं पर सरकार गंभीरता से विचार करती है।
उन्होंने सुझाव दिया कि समितियों की बैठकें नियमित अंतराल पर हों और विभिन्न जिलों में जाकर स्थानीय समस्याओं का समाधान किया जाए। इससे जनहित के मुद्दों का त्वरित निपटारा संभव होगा।
बैठक में मुख्य सचिव को निर्देश दिया गया कि सभी विभागीय अधिकारी समिति बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और दिए गए निर्देशों का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

