जादूगोड़ा में गैस संकट गहराया, पार्टियों में लकड़ी के चूल्हे का सहारा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा क्षेत्र में गैस संकट का असर अब आम जनजीवन के साथ-साथ सामाजिक आयोजनों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गैस की कमी के कारण लोग अब पार्टियों और समारोहों में लकड़ी के चूल्हे का उपयोग करने को मजबूर हैं।
रविवार को पूर्व यूसिल कर्मी रतन भक्त द्वारा जादूगोड़ा सामुदायिक केंद्र में आयोजित एक समारोह में गैस के अभाव में लकड़ी के चूल्हे पर भोजन तैयार किया गया, जहां लोगों ने इसी व्यवस्था के बीच कार्यक्रम का आनंद उठाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग के करीब 25 दिन बाद सिलेंडर मिल रहा है, जिससे दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में लोग महंगे दामों पर लकड़ी खरीदकर काम चला रहे हैं।
गैस संकट का असर छोटे व्यवसायियों पर भी पड़ा है। चौक-चौराहों पर लगने वाले कई ठेले गैस की कमी के कारण बंद पड़े हैं, जिससे लोगों की रोजी-रोटी पर संकट गहरा गया है।

