अयोध्या पर्व’ का गरिमामय समापन, राम के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली, 5 अप्रैल: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय ‘अयोध्या पर्व’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन सत्र में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और IGNCA अध्यक्ष राम बहादुर राय सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।
चंपत राय ने कहा कि अयोध्या का विकास केवल भौतिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

राम बहादुर राय ने अयोध्या पर्व को समाज में जागरण का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए इसकी निरंतरता को इसकी विशेषता बताया। वहीं आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण ने अयोध्या को सनातन पुरी बताते हुए कहा कि यह भूत और भविष्य की चिंताओं से परे है।
कार्यक्रम में ‘भविष्य की अयोध्या’ विषय पर विमर्श, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रामकथा आधारित नाट्य मंचन आकर्षण का केंद्र रहे। देशभर से आए विद्वानों, कलाकारों और श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ आयोजन संपन्न हुआ।

