जमशेदपुर के छह मंडलों में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न, बूथ सशक्तिकरण व एआई उपयोग पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जमशेदपुर महानगर के छह मंडलों—सोनारी, मानगो, उलीडीह, सीतारामडेरा, बर्मामाइंस और घाघीडीह—में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हुआ। कुल सात सत्रों में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, विचारधारा, बूथ प्रबंधन, कार्य विस्तार, सोशल मीडिया और एआई के उपयोग पर प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले और महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रशिक्षण की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
विधायक पूर्णिमा साहू ने भाजपा के इतिहास और विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए इसे त्याग, राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद पर आधारित बताया। अमरप्रीत सिंह काले ने बूथ प्रबंधन को चुनावी सफलता की कुंजी बताते हुए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। वहीं संजीव सिन्हा ने राष्ट्रवाद और अंत्योदय को पार्टी की मूल विचारधारा बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
शिविर में पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही टेल्को और सुंदरनगर मंडल में नए प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत भी की गई। कार्यक्रम में विभिन्न प्रशिक्षकों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

