जया किशोरी की कथा में उमड़ा जनसैलाब, रघुवर दास व बन्ना गुप्ता सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : नारायणी सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “नानी बाई रो मायरो” धार्मिक कथा के दूसरे दिन बुधवार को साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया। विश्वविख्यात आध्यात्मिक प्रवक्ता पूज्या जया किशोरी ने व्यासपीठ से अपनी सुमधुर वाणी में कथा का वर्णन करते हुए भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। उनके प्रवचन, भजन और जीवन मूल्यों पर आधारित संदेशों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कथा के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और पूरे वातावरण में भक्ति रस का संचार होता रहा। जया किशोरी ने अपने प्रवचन में भक्ति, सेवा और संस्कारों के महत्व को रेखांकित करते हुए जीवन में सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो की मेयर सुधा गुप्ता को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में सद्भाव और नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए महत्वपूर्ण बताया।
जया किशोरी की कथा में भाव-विभोर हुए रघुवर दास, ‘नानी बाई रो मायरो’ में उमड़ी आस्था
जमशेदपुर : साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान में नारायणी सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित “नानी बाई रो मायरो” कथा के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्वप्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी के प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
तस्वीर उमाशंकर दुबे
कार्यक्रम में शामिल हुए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जया किशोरी जी के मुखारविंद से भगवान कृष्ण और भक्त शिरोमणि नरसी मेहता की मार्मिक कथा सुनकर मन भाव-विभोर हो गया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन एक आध्यात्मिक महाकुंभ जैसा है, जहां आकर उन्होंने व्यासपीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रघुवर दास ने ठाकुर जी से प्रार्थना करते हुए कहा कि जैसे उन्होंने नरसी मेहता जी की लाज रखी, वैसे ही सभी भक्तों का मान-सम्मान बनाए रखें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा का आनंद लेते रहे।

