कुंडहित में किसानों को मिला सोलर पंप सेट, किसान समृद्धि योजना से बढ़ेगी आय
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड में किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत सोलर पंप सेट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम बीटीएम सुजीत कुमार सिंह और प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी मनोरंजन मिर्धा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान क्षेत्र के चयनित किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट प्रदान किए गए, जिससे उन्हें सिंचाई के लिए अब बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान बीटीएम और कृषि पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य किसानों की लागत को कम करना और उनकी आय में वृद्धि करना है। सोलर पंप सेट से किसानों को सस्ती, सुलभ और नियमित सिंचाई सुविधा मिलेगी, साथ ही यह पर्यावरण के अनुकूल भी है।
किसानों ने सरकार और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से खेती करना अब आसान और किफायती हो जाएगा। मौके पर मौजूद कृषि कर्मियों ने किसानों को सोलर पंप के सही उपयोग और रखरखाव की भी जानकारी दी।
यह पहल न केवल किसानों के जीवन स्तर को सुधारने में मददगार साबित होगी, बल्कि क्षेत्र में कृषि उत्पादन को भी नई दिशा देगी।

