राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : रामनवमी के अवसर पर दशमी के दिन शहर पूरी तरह भक्तिमय रंग में डूबा नजर आया। विभिन्न अखाड़ों द्वारा भव्य जुलूस निकाले गए, जिनमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे शहर में उत्साह का माहौल बना रहा।
जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। महिलाओं और पुरुषों दोनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पूरे आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। उपायुक्त लगातार क्षेत्र भ्रमण करते नजर आए, वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक सीसीआर में बैठकर पूरे जुलूस की निगरानी करते रहे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, साथ ही जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
शांति समिति के सदस्य, विभिन्न पदाधिकारी और रामनवमी से जुड़े स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी सक्रिय रूप से शांति व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण विसर्जन सुनिश्चित करने में जुटे रहे। वहीं भाजपा नेता नीरज सिंह, संध्या सिंह सहित अन्य लोग भी इस दिशा में सहयोग करते दिखे।
कुल मिलाकर, जिला प्रशासन की सख्ती और समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से यह आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने शहर में एकता और भाईचारे का मजबूत संदेश दिया।

