सोनारी में जवारा पूजा धूमधाम से संपन्न, भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ विसर्जन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी स्थित मरार पारा में एम.पी. युवक संघ द्वारा आयोजित श्री श्री सार्वजनिक नवरात्रि जवारा पूजा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
नवमी के दिन शुक्रवार को शीतला माता मंदिर, मरार पारा सोनारी से जवारा विसर्जन के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकली इस यात्रा में ज्योति कलश मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
शोभायात्रा मरार पारा से निकलकर न्यू कपाली घाट पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ जवारा का विसर्जन किया गया। इस दौरान सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पूजा-अर्चना में भाग लेती नजर आईं, जिससे पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।
आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

