गुड़ाबांदा के बनमाकड़ी में कल्याण अस्पताल का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी में विकास भारती संस्था द्वारा संचालित कल्याण अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लेते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने 50 बेड की क्षमता के बावजूद कम मरीजों की संख्या, ओपीडी संचालन, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और जांच सुविधाओं में सुधार लाने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित चिकित्सकों की नियुक्ति, दवा व जांच सुविधा सुनिश्चित करने, साफ-सफाई, सेनेटाइजेशन, पेयजल व्यवस्था तथा रिकॉर्ड संधारण बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही अधूरे क्वार्टर और ममता वाहन की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने बनमाकड़ी गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों ने पेयजल संकट, कच्ची सड़क पक्की करने और हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग रखी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर बीडीओ डांगुर कोराह, पंचायत प्रतिनिधि एव ग्रामीण मौजूद रहे।

