नाला में विधायक ने SIR प्रक्रिया पर जताई चिंता, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला क्षेत्र के PWD परिसर में आयोजित बैठक में विधायक रवींद्रनाथ महतो ने SIR प्रक्रिया को लेकर बीएलए (BLA) सदस्यों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में लाखों मतदाताओं के नाम हटाए जाने की खबरें बेहद चौंकाने वाली और चिंताजनक हैं। उन्होंने आशंका जताई कि प्रक्रिया में खामियों के बावजूद इसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जा रहा है, जिससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
विधायक ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में हर मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और किसी भी स्थिति में मताधिकार का हनन स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बीएलए सदस्यों से अपील की कि वे सतर्क रहें और सुनिश्चित करें कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी अपनी स्पष्ट राय रखी है और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहने का आह्वान किया।

