स्वर्णरेखा नदी में मिला संदिग्ध बम सेना ने किया निष्क्रिय, टला बड़ा हादसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम): जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानिपड़ा इलाके में उस समय बड़ी राहत मिली, जब स्वर्णरेखा नदी से बरामद एक संदिग्ध बम को सेना के बम निरोधक दस्ते ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। पिछले कई दिनों से इस बम की वजह से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ था।

ग्रामीणों ने सुरक्षा के मद्देनजर नदी की ओर जाना बंद कर दिया था, जिससे उनके दैनिक कार्य, पशुपालन और खेती-किसानी प्रभावित हो रही थी। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने पूरे इलाके को संवेदनशील घोषित कर दिया और मंगलवार सुबह से ही पानिपड़ा व नागुड़साई क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस ने नदी की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी। साथ ही, निर्धारित दायरे के भीतर आने वाले घरों और खेतों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इलाके को अस्थायी रूप से छावनी में तब्दील कर दिया गया था। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात रहे।

सेना के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर बम का तकनीकी निरीक्षण किया और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उसे नियंत्रित तरीके से निष्क्रिय किया। विशेषज्ञों के अनुसार, नदी या रेत में दबे पुराने विस्फोटक समय के साथ और अधिक खतरनाक हो सकते हैं, इसलिए समय रहते कार्रवाई बेहद जरूरी होती है।
जैसे ही बम निष्क्रिय होने की पुष्टि हुई, प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने सेना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में यदि कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें और खुद से कोई जोखिम न उठाएं।

