विश्व जल दिवस पखवाड़ा समापन: उत्कृष्ट मुखिया व जलसहिया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में विश्व जल दिवस-सह-जल महोत्सव पखवाड़ा का समापन समारोह आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। उन्होंने जल संरक्षण को भविष्य की जरूरत बताते हुए वर्षा जल संचयन, जल के दुरुपयोग पर रोक और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया एवं जलसहियाओं को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जनजागरूकता में जलसहियाओं की भूमिका की सराहना की। साथ ही जल शुल्क संग्रहण को नियमित करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का सुचारु संचालन हो सके।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण की शपथ ली और जल बचाने के उपाय अपनाने का संकल्प लिया। 8 से 22 मार्च तक चले जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। जल जीवन मिशन की योजनाओं, उनके रख-रखाव और क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता, जिला व प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, मुखिया एवं जलसहियाएं उपस्थित रहे।

