सीएम हेमंत सोरेन के बयान पर भड़के भाजपा अध्यक्ष संजीव सिन्हा, कहा सनातन संस्कृति का अपमान बर्दाश्त नहीं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सरस्वती पूजा को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे हिंदू आस्था और सनातन परंपराओं का अपमान बताया।
उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा, लक्ष्मी पूजा, विश्वकर्मा पूजा और रामनवमी जैसे त्योहारों पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह मुख्यमंत्री की “विकृत सोच” को दर्शाता है। सिन्हा ने आरोप लगाया कि यह बयान वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित है।
भाजपा नेता ने कहा कि भारत की संस्कृति ज्ञान, विज्ञान और परंपराओं पर आधारित रही है, जिसे विश्वभर में सम्मान मिला है। ऐसे में इन परंपराओं का मजाक उड़ाना देश की विरासत का अपमान है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को राज्य की शिक्षा, बेरोजगारी और विकास जैसे मुद्दों पर ध्यान देने की नसीहत दी। साथ ही समाज से अपील की कि ऐसे बयानों का विरोध किया जाए, ताकि भविष्य में कोई जनप्रतिनिधि आस्था के खिलाफ गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी न करे।

