तुरामडीह में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, टीकाकरण व पोषण पर दी गई जानकारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूसीआईएल के तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबंधन द्वारा महिलाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। क्लब भवन में आयोजित कार्यशाला में तालसा, केरूआ डुगरी, नान्दूप व तुरामडीह की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बबीता साव, डॉ. श्वेता कुमारी व नर्स संजुक्ता कुमारी ने किया। डॉ. साव ने कहा कि “परिवार स्वस्थ रहेगा तो समाज व देश स्वस्थ होगा” और महिलाओं को जीवनशैली, पोषण व बच्चों के टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी।
डॉ. श्वेता कुमारी व नर्स संजुक्ता कुमारी ने भी संक्रमण से बचाव और टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए पहल की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्मिक अधिकारी स्टेलिन हेंब्रम, अरुण नायक, राजेश चौरसिया, वकील हेंब्रम व डॉ. सुमित महानंदा का योगदान रहा।

