त्योहारों को लेकर जामताड़ा में शांति समिति की बैठक, प्रशासन सतर्क
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: आगामी ईद उल फितर, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ समिति सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में सभी से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई। विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व के अनुभवों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। रामनवमी जुलूसों के रूट, समय और अखाड़ों के सत्यापन पर जोर देते हुए तय मार्ग और समय का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम व अन्य प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही जुलूसों की वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा 24 घंटे जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

