रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावाँ जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित अंजनेय इस्पात लिमिटेड कंपनी के स्टोर रूम में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में वादी गौरव राज सिंह (पिता- अजीत सिंह, निवासी रैन बसेरा कॉलोनी, संजयनगर, थाना- आदित्यपुर) के लिखित आवेदन के आधार पर 12 मार्च 2026 को गम्हरिया थाना कांड संख्या 20/26, धारा 305 (a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना 11-12 मार्च की मध्यरात्रि की बताई जा रही है, जब अज्ञात चोरों ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर तांबे के दो बाल्टीनुमा ट्यूयर एवं पीतल के चार ब्रास बुश की चोरी कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर गम्हरिया थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने भौतिक, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त छह आरोपियों—बजरंग कुमार महतो, लखन महतो उर्फ लड्डू, विशाल लोहार, आकाश गोराई, गौतम कुमार एवं आसिफ अली—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने गौतम कुमार और आसिफ अली की निशानदेही पर चोरी गए सामान को बरामद करते हुए जब्त कर लिया। बरामद सामान में करीब 48 किलोग्राम वजन के तांबे के दो पीस बाल्टीनुमा ट्यूयर तथा लगभग 66 किलोग्राम वजन के चार पीस पीतल के ब्रास बुश शामिल हैं। इसके अलावा चोरी किए गए सामान को ले जाने में प्रयुक्त ‘छोटा हाथी’ वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05AL 1211) को भी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग कुमार महतो (21 वर्ष, ग्राम खूँटी, थाना चौका), लखन महतो उर्फ लड्डू (22 वर्ष, झापरगोरा नारायणपुर, थाना सरायकेला), विशाल लोहार (23 वर्ष, बड़गांव लोहार टोला, थाना खरसावाँ), आकाश गोराई (27 वर्ष, मूल निवासी पुरुलिया, वर्तमान निवासी बड़ा गम्हरिया), गौतम कुमार (24 वर्ष, बागबेड़ा, जमशेदपुर) एवं आसिफ अली (37 वर्ष, मुसाबनी, जमशेदपुर) शामिल हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक के साथ एसआईटी के सदस्य अरुण कुमार महतो, रामाशीष शुक्ला, मनोज कुमार तथा हवलदार बहादुर हाँसदा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से न केवल चोरी की घटना का सफल उद्भेदन हुआ, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आम लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

