मुसाबानी में कुष्ठ रोग खोज अभियान का निरीक्षण, बच्चों में संक्रमण रोकने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में 9 से 23 मार्च तक चल रहे कुष्ठ रोग खोज अभियान (चक्र–2) का निरीक्षण चेन्नई स्थित एसएसआरसी के सीएमओ डॉ. होसाना सिंह ने किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाबानी तथा बदिआ, केंदादिह, लोको कॉलोनी और सूरदा क्षेत्रों में अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुन्दर लाल मार्डी ने उनका स्वागत किया।
डॉ. होसाना सिंह ने कहा कि बच्चों में फैल रहे कुष्ठ रोग को रोकने के लिए पंजीकृत मरीजों के परिजनों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कर उन्हें सिंगल डोज रिफाम्पीसिन देना आवश्यक है।
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि सहिया और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम घर-घर जाकर संदेहास्पद मरीजों की पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेज रही है।
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कुष्ठ उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. होसाना सिंह और डॉ. गौतम कुमार को “निकुष्ठ सेवा सम्मान–2026” से सम्मानित किया। कार्यक्रम में बीपीएम सूरज पूर्ति सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

