कांड्रा में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण स्थल को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने सांसद जोबा माझी को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया: कांड्रा में प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण स्थल को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान को स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित कर साफ-सफाई की गई है, वह वर्षों पुराना जाहेरथान पूजा स्थल है। सोमवार को ग्रामवासियों ने इस संबंध में सांसद जोबा माझी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण स्थल बदलने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि खाता संख्या 237 के प्लॉट संख्या 884 में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का प्रस्ताव किया गया है, जबकि यह स्थल ग्रामीणों की आस्था से जुड़ा जाहेरथान पूजा स्थल है। हालांकि खतियान में यह दर्ज नहीं है, लेकिन यहां स्थित पेड़ों और स्थान के प्रति लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है।
ग्रामसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण प्लॉट संख्या 884 के बजाय प्लॉट संख्या 832 और 833 (कुल क्षेत्रफल लगभग 1 एकड़ 2 डिसमिल) में कराया जाना अधिक उपयुक्त और जनहित में होगा। ग्रामीणों का कहना है कि प्लॉट संख्या 884 तक पहुंचने के लिए फ्लाईओवर मार्ग से गुजरना पड़ता है, जहां अक्सर जाम की स्थिति रहती है। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में परेशानी हो सकती है। साथ ही वहां सार्वजनिक परिवहन की भी समुचित सुविधा नहीं है।
इसके विपरीत प्लॉट संख्या 832 और 833 अधिक सुगम और आम लोगों के लिए आसानी से पहुंच योग्य हैं तथा यह भी सरकारी भूमि है, इसलिए स्वामित्व से जुड़ी कोई समस्या नहीं होगी।
सांसद जोबा माझी ने ग्रामीणों की आस्था को देखते हुए जिला उपायुक्त को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई और स्थल परिवर्तन पर विचार करने का निर्देश दिया है।
इस अवसर पर होनी सिंह मुंडा, गौतम महतो, राम महतो, राज किशोर महतो समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।

