टाटानगर स्टेशन जाने के दौरान अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:शहर में संभावित आपराधिक घटना को पुलिस ने समय रहते टाल दिया। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। युवक ऑटो से बिष्टुपुर से टाटानगर रेलवे स्टेशन जा रहा था, तभी पुलिस ने बीच रास्ते में उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इस मामले की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। इस दौरान सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर भी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ बिष्टुपुर से ऑटो में सवार होकर टाटानगर स्टेशन की ओर जा रहा है और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक बैग बरामद किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश गोराई उर्फ छोटू (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह भोला गोराई का पुत्र है और मूल रूप से मंदिर रोड, सोनारी थाना क्षेत्र का निवासी है। वर्तमान में वह मिलन नगर, बी ब्लॉक, बाबू क्लब के पीछे, सोनारी में रह रहा था।
इस संबंध में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 19/2026, दिनांक 12 मार्च 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह हथियार लेकर किस उद्देश्य से टाटानगर स्टेशन जा रहा था।

