बच्चों के कुपोषण पर विधानसभा में चर्चा, बेहतर पोषण और सुरक्षित भविष्य पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
रांची: बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित भविष्य को लेकर विधानसभा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने की, जिसमें यूनिसेफ से जुड़े विषयों और राज्य में कुपोषण से प्रभावित बच्चों की स्थिति पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि यूनिसेफ (यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रेंस फंड) संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख संस्था है, जो विश्व के 190 से अधिक देशों में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है। वर्ष 1946 में स्थापित यह संस्था विशेष रूप से कठिन परिस्थितियों में जीवन जी रहे बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र विकास के लिए प्रयासरत है।
बैठक के दौरान सदस्यों ने कहा कि कुपोषण केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह बच्चों के भविष्य और समाज के समग्र विकास से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। इसलिए इस समस्या से निपटने के लिए सरकार, समाज और विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय और ठोस पहल की आवश्यकता है।
सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि हर बच्चे को पर्याप्त पोषण, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए जागरूकता बढ़ाने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक को बच्चों को कुपोषण से मुक्त कर स्वस्थ और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, विधायक पूर्णिमा दास साहु,विधायक प्रदीप यादव सहित अन्य मौजूद थे।

