सरजमदा में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान से गिरकर ठेका मजदूर की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ठेका मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरजमदा निवासी 35 वर्षीय अनिल गुईयां के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अनिल गुईयां एक निर्माणाधीन मकान में दूसरी मंजिल पर छत की सेंट्रिंग का काम कर रहे थे। दोपहर में काम खत्म होने के बाद जब मजदूर सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे, उसी दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया। सीढ़ियों में रेलिंग नहीं होने के कारण वह अनियंत्रित होकर दूसरी मंजिल से सीधे जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर ठेकेदार रवि लोहार भी अस्पताल पहुंचे।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने निर्माण कार्यों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

