रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
XLRI को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जमशेदपुर प्रशासन सतर्क, छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेजकर शुरू हुई गहन जांच
झारखंड के प्रमुख औद्योगिक शहर जमशेदपुर में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। शहर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI – Xavier School of Management को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार संस्थान के निदेशक को सोमवार देर रात एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें स्पष्ट रूप से कैंपस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। प्रारंभिक जांच में ईमेल का स्रोत पाकिस्तान से ट्रेस होने की बात सामने आई है, जिससे आतंकी साजिश की आशंका जताई जा रही है। निदेशक ने बिना देरी किए ईमेल को तत्काल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को भेज दिया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया।
SSP के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे XLRI कैंपस को खाली करा लिया गया। सैकड़ों छात्र, फैकल्टी सदस्य और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। इसके बाद डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) को कैंपस में तैनात कर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सुरक्षा एजेंसियां लाइब्रेरी, लेक्चर हॉल, हॉस्टल और प्रशासनिक भवन समेत हर हिस्से की बारीकी से जांच कर रही हैं। इस घटना के बाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और SSP ने संयुक्त बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं और हर संभावित खतरे को गंभीरता से लेने को कहा गया है।
फिलहाल संस्थान परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और कैंपस के चारों ओर पुलिस की कड़ी बैरिकेडिंग कर दी गई है। CCTV कैमरों के फुटेज की गहन जांच की जा रही है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। राज्य पुलिस के साइबर सेल को ईमेल के IP एड्रेस की ट्रैकिंग का जिम्मा सौंपा गया है, ताकि धमकी देने वाले की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। धमकी की खबर फैलते ही छात्रों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रबंधन ने एहतियातन कक्षाएं और परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं तथा अभिभावकों को स्थिति की जानकारी दे दी है। देश के शीर्ष बिजनेस स्कूलों में शामिल XLRI में देश-विदेश से छात्र पढ़ने आते हैं, इसलिए इस घटना की गूंज राष्ट्रीय स्तर पर भी सुनाई दे रही है। वहीं स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि जमशेदपुर देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों में से एक है और यहां ऐसी धमकियों को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं।

