रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
गम्हरिया पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच करने के बजाय शिकायतकर्ता को ही लगाई फटकार
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकुड़गोड़ा में बीती रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। घटना रात करीब एक बजे के आसपास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार घर के मालिक राज पांडे अपने परिवार के साथ किसी निजी कार्य से बिहार के आरा जिले गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती जेवरात तथा नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही राज पांडे ने डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करने के बजाय शिकायतकर्ता को ही डांट-फटकार लगाई और कहा कि 100 नंबर पर कॉल करने के बजाय थाना आकर लिखित शिकायत देनी चाहिए थी। बड़ी चोरी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की तत्पर कार्रवाई नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

