सोनारी में आपसी सौहार्द की मिसाल, नमाजियों के लिए इफ्तार का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:पाक महीने रमजान के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखकर शाम की नमाज के बाद इफ्तार के साथ रोजा खोलते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सोनारी थाना शांति समिति की सदस्य श्रीमती डी. बोस द्वारा सोनारी क्षेत्र की दोनों मस्जिदों—कुम्हारपाड़ा और खुटाड़ी—में नमाजियों के लिए इफ्तार का आयोजन किया गया।
बताया गया कि विगत तीन वर्षों से सोनारी थाना शांति समिति के सचिव एवं जमशेदपुर न्यायालय के वरीय अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू के निर्देश पर श्रीमती डी. बोस द्वारा इस इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे का प्रतीक भी है।
इस अवसर पर कहा गया कि सोनारी क्षेत्र में हमेशा से ही सभी धर्मों के त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाए जाते रहे हैं, जो क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब को दर्शाता है।
इफ्तार कार्यक्रम में जमशेदपुर न्यायालय के वरीय अधिवक्ता एवं सोनारी थाना शांति समिति के सचिव सुधीर कुमार पप्पू, शांति समिति के सदस्य भाई हरिदास, अजय तथा सोनारी क्षेत्र की दोनों मस्जिदों के सदस्यगण सहित कई लोग उपस्थित रहे।

