रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 स्थित शिव काली मंदिर परिसर में नव निर्वाचित मेयर संजय सरदार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए नागरिक अभिनंदन किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष उपेंद्र ठाकुर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, वहीं पूर्व अध्यक्ष बिरेंद्र यादव ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने वार्ड संख्या 17 में व्याप्त पेयजल की गंभीर समस्या की ओर मेयर का ध्यान आकृष्ट करते हुए सुझाव दिया कि निकटवर्ती वाटर प्वाइंट जंक्शन से पाइपलाइन के माध्यम से जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाए। साथ ही वार्ड में नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव की व्यवस्था, मच्छरों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग, प्रभात पार्क को पुनः खेल मैदान के रूप में विकसित करने तथा सार्वजनिक कार्यों के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया। मेयर संजय सरदार ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए इन समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया और नागरिक अभिनंदन के लिए मंदिर समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद नीतू शर्मा को भी सम्मानित किया गया तथा वार्ड 17 की जनता की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मंदिर समिति के संयोजक आर.एन. प्रसाद ने किया। मौके पर विश्वमोहन जी, मनोज तिवारी, मनोज अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण मिश्र, एन.एन. मिश्रा, कैलाश पाठक, अजय सिंह, कैलाश शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

