आशियाना आदित्य रेजिडेंस में रिक्विजिशनल आम सभा, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आशियाना आदित्य रेजिडेंस मेंटेनेंस सेल्फ स्पोर्टिंग कोऑपरेटिव सोसाइटी की रिक्विजिशनल आम सभा का आयोजन सोसाइटी के क्लब हाउस में संपन्न हुआ। सभा की अध्यक्षता एवं संचालन सोसाइटी के प्रेसिडेंट मेजर सत्यनारायण ने किया। बैठक में उपस्थित सभी फ्लैट मालिकों ने हाथ उठाकर विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।
सभा में निर्णय लिया गया कि रेरा के नियमों के अनुसार आरडब्ल्यूए द्वारा सोसाइटी के कॉमन एरिया का डीड (विलेख) के माध्यम से विधिक और भौतिक हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। यदि आशियाना हाउसिंग लिमिटेड इसमें सहयोग नहीं करता है तो आरडब्ल्यूए को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया गया।
जलापूर्ति के मुद्दे पर स्पष्ट किया गया कि आशियाना हाउसिंग द्वारा 251 किलोलीटर पानी की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित होने तक फ्लैट मालिकों से किसी प्रकार का अतिरिक्त जल शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही आशियाना हाउसिंग लिमिटेड द्वारा आरडब्ल्यूए को अपने सर्विस प्रोवाइडर के साथ मेंटेनेंस संबंधी अनुबंध करने का अधिकार देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, ताकि मेंटेनेंस शुल्क में कमी लाई जा सके। मेंटेनेंस बिल में जीएसटी का भार कम करने की संभावनाओं की तलाश का भी निर्णय लिया गया।
इसके अलावा आशियाना हाउसिंग और आशियाना मेंटेनेंस सर्विस द्वारा परियोजना की शुरुआत से अब तक लिए गए कैपिटल शुल्क एवं क्लब हाउस बुकिंग शुल्क की राशि सूद सहित आरडब्ल्यूए के पंजीकृत खाते में जमा कराने तथा दोनों संस्थाओं द्वारा ऑडिटेड वित्तीय विवरण उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की गई।
सभा में फ्लैट ऑनर एवं अधिवक्ता राजेश द्विवेदी ने रेरा के नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए फ्लैट मालिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। बैठक में सोसाइटी के सचिव दीपेन सरकार, संयुक्त सचिव पी.के. सिंह, कोषाध्यक्ष नितिका पेरीवाल, सह-कोषाध्यक्ष पुष्कर कुमार सहित प्रीतम कुमार, अनुपम, सिकंदर प्रसाद, नेहा सिंह, पूनम सिंह, नियति राय, पुष्पा सिंह, सुनीता वर्मा, स्नेहा बिस्वास समेत 109 फ्लैट मालिक उपस्थित थे। अंत में उपाध्यक्ष राजीव नंदन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

