मोरबासा पंचायत में आजीविका संसाधन केंद्र का विधानसभाध्यक्ष ने किया उद्घाटन, सखी मंडलों को ₹46 लाख का सौगात
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड के मोरबासा पंचायत भवन के सामने ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आजीविका संसाधन केंद्र (ट्रेनिंग सेंटर) का उद्घाटन रबीन्द्रनाथ महतो द्वारा किया गया। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़े सखी मंडलों और आजीविका मिशन के तहत काम कर रही महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों से कृषि उत्पादन बढ़ाने की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ-साथ कुटीर उद्योग, स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियों के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण महिलाएं अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
इस अवसर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सखी मंडलों के बीच 46 लाख रुपये का चेक भी वितरित किया गया। यह राशि महिलाओं को छोटे-मोटे व्यवसाय शुरू करने और आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।
राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और विकास को नई दिशा मिल रही है।

