चाईबासा नगर परिषद मतगणना पर भाजपा ने उठाए सवाल, बाहरी कर्मियों से पुनर्गणना की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: नगर परिषद चुनाव की मतगणना प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने पुनर्गणना की मांग की है। भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बलमुचू ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि 27 फरवरी को हुई मतगणना के दौरान गंभीर गड़बड़ियां हुईं। इस संबंध में निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपा गया है।
उन्होंने बताया कि प्रत्याशी रमेश खिरवाल की ओर से मतगणना कर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि मतों की समुचित व्याख्या नहीं की गई, रद्द मतपत्रों को पारदर्शी ढंग से नहीं दिखाया गया तथा मतगणना एजेंटों को प्रक्रिया के पूर्ण निरीक्षण से रोका गया। कुछ अनधिकृत व्यक्तियों की उपस्थिति और एक प्रत्याशी विशेष के प्रति पक्षपातपूर्ण व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की गई है।
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि लिखित आपत्ति देने का प्रयास करने पर कार्यकर्ताओं को बाहर निकाल दिया गया और धमकी दी गई। अंतिम चरण में मतों के जोड़-घटाव में गड़बड़ी कर प्रत्याशी नितिन प्रकाश को 504 मतों से विजयी घोषित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
जिलाध्यक्ष ने सभी मतपत्रों की निष्पक्ष पुनर्गणना, रद्द मतों की पुनः जांच तथा पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच की मांग की है। साथ ही अन्य राज्य से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतगणना कर्मियों को बुलाकर दोबारा मतगणना कराने की मांग की गई है।

