गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह, कमलपुर एवं बिंदापुर ग्राम में छापामारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।आगामी होली पर्व के मद्देनजर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश के आलोक में जिला उत्पाद अधीक्षक के निर्देशानुसार रविवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह, कमलपुर एवं बिंदापुर ग्राम में छापामारी अभियान चलाया गया। इस अभियान के क्रम में दो अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर वहां से लगभग 750 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर मौके पर ही विनष्ट किया गया। साथ ही, 35 लीटर महुआ शराब जब्त किया गया। बरामदगी के पश्चात संबंधित अभियुक्त के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करते हुए अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि पर्व के दौरान अवैध मद्य निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

