टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा संपन्न, सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा शनिवार को टाटा मोटर्स कंपनी परिसर स्थित पुराने कैंटीन प्रांगण में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने की। मंच पर महामंत्री आर.के. सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष बी.के. शर्मा व अनिल शर्मा, संयुक्त महामंत्री एच.एस. सैनी व अजय भगत तथा कोषाध्यक्ष एम.के. सिंह उपस्थित थे। संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने दिया। आमसभा में 5225 सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

आमसभा में वर्ष 2025 के आय-व्यय लेखा-जोखा को पारित किया गया। केंद्र सरकार के चार नए श्रम कानूनों को यूनियन के संविधान में शामिल करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। सामाजिक सुरक्षा के तहत लाभान्वित दिवंगत मजदूरों की सूची सार्वजनिक करने, नए सदस्यों के आवेदन स्वीकृत करने, बर्खास्त कर्मचारियों के पुनर्नियोजन तथा समय पर वेतन समझौता कराने के प्रस्ताव भी हाथ उठाकर पारित किए गए।
महामंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि यूनियन को कमजोर करने के प्रयासों के बावजूद संगठन और मजबूत हुआ है। उन्होंने ऐतिहासिक ग्रेड समझौते का भरोसा दिलाते हुए 3 मार्च को आयोजित महा रक्तदान शिविर और संस्थापक दिवस कार्यक्रम में सपरिवार भाग लेने की अपील की। सलाहकार प्रवीण सिंह ने एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया, जबकि संयुक्त महामंत्री एच.एस. सैनी ने महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
अंत में दिवंगत मजदूरों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

