दलमा क्षेत्र में आज महा जन सम्मेलन, 135 गांवों की भागीदारी की तैयारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल ()। दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच, कोल्हान प्रमंडल की ओर से 25 फरवरी 2026 को माकुलोचा फुटबॉल मैदान में एक दिवसीय महा जन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होकर अपराह्न 4 बजे तक चलने वाले इस सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की समुचित व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। विभिन्न गांवों से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासन को पूर्व सूचना देकर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग का आग्रह भी किया गया है।
बताया गया कि दलमा तराई क्षेत्र के 84 मौजा अंतर्गत 135 गांवों के ग्रामीण सम्मेलन में भाग लेंगे। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना है। आयोजन समिति का कहना है कि यह सम्मेलन क्षेत्र की जनभावनाओं को एक मंच पर रखने का प्रयास है।
सम्मेलन में दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों, इको-टूरिज्म योजना तथा स्थानीय जनसमस्याओं पर चर्चा की जाएगी। ग्रामीण प्रतिनिधि अपने-अपने गांवों की समस्याएं और सुझाव साझा करेंगे।
आयोजकों ने चांडिल समेत दलमा तराई वन क्षेत्र गांवों के आसपास के क्षेत्रों के लोगों से समय पर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है। वहीं जमशेदपुर और कोल्हान प्रमंडल के ग्रामीण इलाकों में भी सम्मेलन को लेकर हलचल तेज है। समिति ने दोहराया कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजनकर्ता सुक लाल पहाड़िया, प्रकाश मांझी, गुरुचरण कर्मकार , राधेश्याम सिंह, सरदार आदि उपस्थित थे

