आदित्यपुर: चुनावी विवाद में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत इच्छापुर ग्वालापाड़ा में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

घायल की पहचान विशाल कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को निकाय चुनाव के मतदान के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद विशाल कुमार महतो नामक युवक ने घर में घुसकर विशाल सिंह पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

