रमजान के पहले जुमे पर अकीदत का नज़ारा, जमशेदपुर साकची और जामताड़ा में उमड़ी नमाज़ियों की भीड़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: रमजान उल मुबारक के पहले जुमे पर जिले भर में अकीदत और एहतराम का खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला। खासकर जमशेदपुर के साकची इलाके की मस्जिदों में बड़ी तादाद में रोज़ेदारों और नमाज़ियों ने जुम्मे की नमाज़ अदा की। नमाज़ के दौरान मस्जिदें खचाखच भरी रहीं और आसपास की सड़कों पर भी नमाज़ियों की कतारें नजर आईं।
इसी तरह जामताड़ा में भी मस्जिदों में भारी भीड़ उमड़ी। नमाज़ से पहले और बाद में लोगों ने मुल्क में अमन, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं। पूरा माहौल इबादत और रूहानियत से सराबोर रहा।
मौलानाओं ने अपने बयान में कहा कि रमजान का महीना इबादत, सब्र और अल्लाह को राज़ी करने का महीना है और इस मुकद्दस महीने का जुम्मा खास तौर पर अफ़ज़ल होता है। उन्होंने लोगों से गुनाहों से तौबा करने, पांच वक्त की नमाज़ जमात के साथ अदा करने, तरावीह पढ़ने तथा जरूरतमंदों तक सदका, ज़कात और फ़ितरा पहुंचाने की अपील की।
रमजान के पहले जुमे पर जमशेदपुर के साकची और जामताड़ा में दिखी यह अकीदत और भाईचारे की तस्वीर समाज को एकता और सौहार्द का मजबूत संदेश देती नजर आई।

