कायस्थ विचार मंच में बगावत: जबरन समर्थन के विरोध में पदाधिकारियों का इस्तीफा, संध्या सिंह को दिया समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : राष्ट्रीय कायस्थ विचार मंच के राष्ट्रीय संयोजक दिवाकर सिन्हा द्वारा मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव के पक्ष में शत-प्रतिशत समर्थन सुनिश्चित कराने संबंधी बयान के विरोध में मानगो नगर इकाई में बगावत सामने आई है।
मंच के मानगो नगर अध्यक्ष अनिमेष सिन्हा, महासचिव राकेश प्रसाद एवं प्रवक्ता राजदीप दत्ता ने इसे अलोकतांत्रिक बताते हुए अपने-अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज किसी भी प्रकार के दबाव या थोपे गए राजनीतिक निर्णय को स्वीकार नहीं करता और प्रत्येक व्यक्ति को स्वतंत्र मताधिकार का अधिकार है।
इस्तीफे के साथ ही इन पदाधिकारियों ने मानगो नगर निगम चुनाव में एनडीए की मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उनके निर्णय को मंच के जिला पदाधिकारी निशी नाथ सिन्हा ने भी समर्थन दिया है।

