मुस्लिम समुदाय की हथेली पर खड़ा होकर ऊंचा दिखते हैं बन्ना: सरयू राय
बन्ना के लिए मेयर नहीं, मेयरपति बनने का चुनाव : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से बन्ना गुप्ता पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मेयर का नहीं, बल्कि “मेयरपति” बनने का चुनाव बन गया है। मानगो की जनता को घिसे-पिटे नेताओं के बजाय नई पीढ़ी के ऊर्जावान और जनहित में काम करने वाले उम्मीदवार को चुनना चाहिए।
सरयू राय ने आरोप लगाया कि बन्ना गुप्ता मुस्लिम समुदाय के वोटों के सहारे राजनीति करते हैं और उसी आधार पर खुद को मजबूत मानते हैं। उन्होंने कहा कि 2024 चुनाव में आजादनगर क्षेत्र से मिले भारी मुस्लिम वोटों पर उन्हें गुमान है, लेकिन अब जेबा खान और जेबा कादरी भी मुस्लिम वोटों की दावेदारी में हैं। यदि मुस्लिम वोट खिसक गया तो बन्ना गुप्ता को अपनी वास्तविक स्थिति का पता चल जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के भीतर भी यह सवाल उठ रहा है कि आखिर हर पद पर एक ही व्यक्ति क्यों? सिर्फ वोट बैंक बनकर रहना कब तक?
सरयू राय ने स्पष्ट किया कि एनडीए ने संध्या सिंह को समर्थन दिया है और वे स्वयं भी उनके पक्ष में वोट की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम का यह पहला चुनाव है और इसमें नई सोच और नई नेतृत्व क्षमता को मौका मिलना चाहिए। मानगो के विकास के लिए ऐसा मेयर जरूरी है जो सरकार के साथ तालमेल बैठाकर लंबित निधियों को लाए और क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित करे।

