फतेहपुर प्रखंड में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के निर्देश पर 13 फरवरी 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत संचालित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2026 के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर तथा आर के प्लस टू विद्यालय फतेहपुर स्थित परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, परीक्षार्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा संचालन की समग्र स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में केंद्रों पर तैनात दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों से आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। परीक्षा के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। परीक्षार्थियों के लिए बैठने, पेयजल, प्रकाश एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनुचित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वार्षिक माध्यमिक परीक्षा का आयोजन झारखंड अकादमिक परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।

