जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी देहरादून में दिनदहाड़े ढेर: जिम से निकलते ही विक्रम शर्मा को गोलियों से भुना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
देहरादून/जमशेदपुर: राजधानी देहरादून में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह 13 फरवरी को राजपुर थाना क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास एक और सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। झारखंड के जमशेदपुर निवासी विक्रम शर्मा की जिम से बाहर निकलते ही ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सुबह करीब 10:15 बजे की बताई जा रही है।
जिम से बाहर आते ही हमला, दो से तीन हमलावर फरार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विक्रम शर्मा जिम में वर्कआउट कर बाहर निकल रहे थे। तभी दो से तीन हमलावर पैदल उनके पास पहुंचे और नजदीक से तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी अजय सिंह ने की पुष्टि
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया,
“सुबह 10:15 बजे की घटना है। दो से तीन हमलावरों द्वारा जिम से बाहर निकलते समय विक्रम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और सभी एंगल से मामले की जांच जारी है।”
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

मूल रूप से जमशेदपुर का निवासी, आपराधिक पृष्ठभूमि
बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला था। उस पर 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। वह प्रॉपर्टी डीलिंग और खनन व्यवसाय से भी जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस गैंगवार, आपसी रंजिश और व्यावसायिक विवाद जैसे पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
राजधानी देहरादून में पिछले 16 दिनों में यह पांचवीं हत्या की घटना है, जिससे शहर में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दो दिन पहले गैस एजेंसी संचालक की हत्या
गौरतलब है कि दो दिन पहले तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि 12 लाख रुपये में हत्या की साजिश रची गई थी और मृतक की मां की भूमिका भी सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया था।
सीसीटीवी और एसटीएफ की मदद से जांच तेज
विक्रम शर्मा हत्याकांड के बाद पुलिस अलर्ट मोड में है। एसएसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
देहरादून में लगातार हो रही हत्याओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही

