धातकीडीह में अवैध शराब पर छापेमारी, 440 लीटर चुलाई शराब व 20 लीटर स्पिरिट जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह स्थित हरिजन बस्ती में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया।
टीम ने लंबे समय से कुख्यात बताए जा रहे मुन्ना घोष के ठिकाने पर योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 10 बड़े प्लास्टिक थैलों में 200 लीटर, 6 जरीकिन में 210 लीटर तथा एक ट्यूब में 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा एक प्लास्टिक जरीकिन में करीब 20 लीटर स्पिरिट भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 440 लीटर अवैध चुलाई शराब और 20 लीटर स्पिरिट बरामद हुई।
छापेमारी के दौरान आरोपी तंग गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

