नगरपालिका निर्वाचन–2026 को लेकर अवैध शराब के विरुद्ध चलाया गया अभियान, कुल 06 अभियुक्त गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।नगरपालिका निर्वाचन–2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपयुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में जिले के अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिचालन के विरुद्ध सघन छापेमारी एवं रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर रात्रि गश्ती के दौरान मुड़िया गांव के समीप संदेह के आधार पर एक टेम्पो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उक्त वाहन के डाले से दो बड़े झोलों में विभिन्न प्रकार की करीब 54.705 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद किया गया। इस मामले में वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं उसके सहयोगी संजय कुमार बेहरा को मौके से गिरफ्तार करते हुए टेम्पो को जब्त कर लिया गया। इसके अलावे गम्हरिया एवं आदित्यपुर थाना अंतर्गत नीमडीह, उदयपुर, बास्कोनगर एवं भाटिया बस्ती क्षेत्रों में छापामारी अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 04 अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इन अभियुक्तों के पास से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं 45 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद किया गया। इनमें से एक अभियुक्त के पास Kings Gold झारखंड राज्य में अपंजीकृत किंग्स गोल्ड अवैध विदेशी शराब की 60 बोतलें जिसकी कुल मात्रा 45 लीटर है, बरामद किया गया। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती से गिरफ्तार अभियुक्त राजरतन मिश्रा को न्यायिक हिरासत में अग्रसारित किया गया है। वहीं, वाहन संख्या चालक कृति कुमार साहु एवं उसके सहयोगी संजय कुमार बेहरा को भी न्यायिक हिरासत में भेजने हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। शेष अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

