विधायक सरयू राय का पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर तीखा हमला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम चुनाव से पहले “भ्रामक खबरें फैलाने” का आरोप लगाते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ पत्रकार और लोग भ्रम पैदा करने में जुट गए हैं।
ओल्ड पुरुलिया रोड को लेकर एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरयू राय ने कहा कि यह सड़क पिछले पांच वर्षों में दो बार बनी और दोनों बार पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के कार्यकाल में बनी। पहली बार 2022-23 में कालीकरण हुआ, जो खराब हो गया। दो साल बाद फिर सड़क बनी और वह भी टूट गई।
सरयू राय ने स्पष्ट किया कि वह 2024 के अंत में विधायक बने और 2025 में सड़क के लिए नया एस्टीमेट तैयार कराया गया, जिसमें सड़क की हालत “अत्यंत जर्जर” बताई गई है।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2025 में एस्टीमेट बनाकर केंद्रीय निरूपण संगठन को भेजा गया था। मुख्य अभियंता ने डिजाइन तैयार कर 9 दिसंबर 2025 को अभियंता प्रमुख को भेज दिया, लेकिन फाइल वहीं अटकी है। दस्तखत होते ही काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने अभियंताओं को सख्त निर्देश दिया है कि इस बार लीपापोती नहीं, बल्कि मजबूत और चौड़ी सड़क बने।
सरयू राय ने कहा कि मंत्री रहते हुए बन्ना गुप्ता ने अपने इलाके में ऐसी मरम्मत कराई कि एक ही सड़क पांच साल में दो बार बनानी पड़ी। उन्होंने बन्ना गुप्ता के उस बयान पर भी कटाक्ष किया, जिसमें नली-गली “चकाचक” कराने की बात कही गई थी। राय ने कहा कि यह पथ-निर्माण विभाग की सड़क है, इसका मेयर से कोई लेना-देना नहीं।
सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरयू राय ने कहा कि आजादनगर, जवाहरनगर, ओल्ड और न्यू पुरुलिया रोड में सफाई के ठेकेदार बन्ना गुप्ता के करीबी हैं। निरीक्षण में जहां 50 मजदूर दिखने चाहिए थे, वहां केवल 15 मिले। बाकी 35 मजदूर कहां गए, उनकी हाजिरी और वेतन कैसे बन रहा है यह बड़ा सवाल है। उन्होंने इस संबंध में मानगो नगर निगम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है और गुरुवार को उप नगर आयुक्त से जवाब पूछने की बात कही है।
सरयू राय ने आरोप लगाया कि जिन इलाकों से उन्हें कम वोट मिलते हैं, वहां भी वे लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन दोष उन पर मढ़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानगो में “जाल-फरेब का खेल” शुरू हो गया है और नगर निगम चुनाव में भ्रष्टाचार उजागर होगा।

