राखा कॉपर एचसीएल गेट के पास गंदगी का अंबार, पंचायत निधि से बना शौचालय बेकार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा के राखा कॉपर एचसीएल गेट के समीप दुर्गा पूजा पंडाल के पीछे भारी गंदगी जमा है। यहां पंचायती राज की राशि से शौचालय का निर्माण किया गया था, लेकिन आसपास फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण लोग उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इससे सरकारी पैसे का उद्देश्य पूरा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय उपयोग में नहीं होने से खासकर महिलाओं को भारी परेशानी हो रही है, क्योंकि आसपास अन्य कोई व्यवस्था नहीं है। गंदगी के कारण कीड़े-मकोड़े पनप रहे हैं और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
भाजपा नेता विक्रम सिंह ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि यदि यह राशि स्कूल या आंगनबाड़ी में खर्च होती तो बेहतर उपयोग होता। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले पर संज्ञान लेने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने एचसीएल प्रबंधन से जल्द साफ-सफाई कर शौचालय को उपयोग योग्य बनाने की मांग की है।

