गोलमुरी में लावारिस मिला लेडीज बैग, पुलिस ने 60 वर्षीय महिला को सुरक्षित लौटाया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर सुबह-सुबह गोलमुरी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे एक लावारिस लेडीज बैग पड़ा हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैग की जांच की। जांच के दौरान बैग से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान लीला दास, उम्र करीब 60 वर्ष, के रूप में की गई।
गोलमुरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लीला दास से संपर्क किया और उन्हें थाने बुलाया। पुलिस द्वारा बैग को सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिया गया। बैग में करीब ढाई हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और अन्य जरूरी कागजात मौजूद थे।
पुलिस की इस ईमानदार और संवेदनशील कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। गोलमुरी थाना ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि उसे सही व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।

