हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए धर्मरक्षा निधि समर्पण आवश्यक :चंद्रकांत रायपत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर की ओर से आयोजित धर्मरक्षा निधि समर्पण अभियान की बैठक में विहिप झारखंड प्रांत अध्यक्ष माननीय चंद्रकांत रायपत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रथम बार जमशेदपुर आगमन पर झारखंड प्रांत के नवनियुक्त संगठन मंत्री चितरंजन जी को अंगवस्त्र भेंट कर जिला समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने कहा कि हिन्दू धर्म की रक्षा और समाज के सबसे निम्न व असहाय वर्ग तक सेवा कार्य पहुंचाने के लिए धर्मरक्षा निधि समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत हजारीबाग में अनाथ बच्चों के लिए विहिप द्वारा निःशुल्क छात्रावास संचालित किया जा रहा है तथा झारखंड के विभिन्न जिलों में सेवा कार्य निरंतर जारी हैं, ताकि धर्मांतरण जैसी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन जी ने कार्यकर्ता निर्माण पर विशेष बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में चुनौतियां बढ़ी हैं, ऐसे में हिंदू समाज को सही दिशा देने के लिए विहिप का सशक्त और संगठित होना आवश्यक है, जिससे धर्म और संस्कारों की रक्षा निरंतर हो सके।
बैठक में उपस्थित सभी प्रांत, विभाग, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धर्मरक्षा निधि का समर्पण किया। कार्यक्रम में सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह, जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, जिला मंत्री चंद्रिका, बजरंग दल महानगर संयोजक चंदन दास सहित प्रांत से देवेंद्र गुप्ता, अवतार सिंह गांधी, जनार्दन पांडेय, सविता सिंह एवं अन्य नगरों से आए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

